vyangya लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
vyangya लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 7 जून 2008

छिः भतीजी के मौसी-मौसाजी क्रिकेट देखते हैं-हास्य व्यंग्य

मैं बहुत दिन बाद दौरे से अपने घर लौटा। उस समय सुबह घड़ी में छह बजे थे। मेरी भतीजी घर के बाहर आंगन में बैठकर अपनी गर्दन घड़ी की तरह घुमा कर योगासन कर रही थी और भतीजा पास बैठकर अखबार पढ़ रहा था। मैं जैसे ही पोर्च से दरवाजा खोलकर दाखिल हुआ। दोनों ने मुझे देखा और भतीजी तत्काल बोली-‘चाचाजी आप इधर गली से घर के अंदर जाना।’

इससे पहले मैं कुछ कहता भतीजा बोला-‘इधर हाल में हमारे मौसा और मौसी सो रहे हैं। उनकी नींद टूट जायेगी।’

मुझे हंसी आई और मैने अपना बैग वहीं रख दिया और वही रखी दूसरी प्लास्टिक की चटाई पर बैठकर प्राणायाम करने लगा। हालांकि मैं अक्सर ऐसा नहंी करता पर जब सुबह बाहर जाकर सैर करने का अवसर नहीं मिलता तो यही करता हूं।

भतीजी बोली-‘‘क्या आप आराम नहीं करोगे।’’

मैने कहा-‘नहीं ट्रेन में सोता हुआ आया हूं।’’

मेरे संक्षिप्त जवाब उसे परेशान कर देते हैं। जब मैं खामोशी से प्राणायाम करने लगा तो वह बार-बार मुड़कर पीछे देखती। वह शायद अपने मौसी-मौसा के बारे में बताना चाहती थी और मैं उससे इस बारे में कुछ नहीं सुनना चाहता था। एक रात पहले ही मुझे भाई साहब से फोन पर पता लगा गया था कि पूरा परिवार उनके साथ मिलकर क्रिकेट मैच देख रहा था और मैं इसे लेकर ही उसकी मौसी की मजाक उड़ाने वाला था। यह तय बात थी इस पर नोकझोंक होनी थी और सुबह उससे बचने में ही मुझे सबकी भलाई लगी।

इतने में भाभी बाहर आयी और मुझे देखकर बोली-‘तुम कब आये भैया?’’
मैने कहा-‘पंद्रह मिनट पहले।’

भाभी बोलीं-‘भईया, तुम इधर हाल से अंदर मत आना। मेरी बहिन और बहनोई यहां सो रहे हैं। उनकी नींद न टूटे।’

मैने कहा-‘‘नहीं जाऊंगा। हां, अब यही संदेश देने के लिये भाईसाहब को भी भेज देना। वह एक बचे हैं जो यह बात बताने के लिये रह गये हैं। आपसे पहले यह दोनो तो कह ही चुके हैं।’

ऐसा लगा कि भाभी को गुस्सा आया पर शायद अपनी बहिन की उपस्थिति का ख्याल कर वह मुस्कराकर चली गयीं।
भतीजी की योग साधना में खलल पड़ना ही था। वह बोली-‘‘चाचाजी आप तो ऐसी बात करते हो कि गुस्सा आ जाता है। कल वह दोनों क्रिकेट मैच देख रहे थे। फिर बातचीत होती रही और वह देर से सो पाये। इसलिये कह रहे हैं।’

मैने कहा-‘‘छिः तुम्हारी मौसी और मौसाजी क्रिकेट मैच देखते हैं?

अभी तक मेरी तरफ पीठ किये भतीजी और भतीजा दोनो ही एकदम मूंह फेरकर मेरी तरफ बैठ गये। मैं अपना प्राणायाम करने लगा।

भतीजी ने मुझे पूछा-‘‘इसका क्या मतलब?’
मेने कहा-‘‘तुम्हारे पापा कहते हैं न कि अब क्रिकेट भले लोगों का खेल नहीं रहा। उसमें लोग दांव लगाते हैं।’’
भतीजी बोली-‘‘वह तो पहले कहते थे। कल तो वह खुद भी देख रहे थे। यह जरूर कह रहे थे कि मजा नहंी आ रहा।’
मैंने कहा-‘वह कभी सट्टा नहीं लगाते तो मजा कहां से आयेगा? इसमें मजा उसे ही आता है जो इस पर पैसा लगता है यानि जुआ खेलता है।’
भतीजी बोली-‘हमारी मौसी और मौसाजी ऐसा नहीं कर सकते।’
मैंने कहा-‘तू ने पूछा था? जब उठें तो पूछ लेना कितने का सट्टा खेला था।’
भतीजा बोला-‘आप तो ऐसे ही मौसी और मौसा की मजाक उड़ाते हो।’
मैं अंदर चला गया। भतीजी और भतीजा अपनी मौसी और मौसा पर मेरे आक्षेपों को नहीं पचा पाये और जाकर अपनी मां को बता दिया। भाभीजी मेरे पास आयी और बोली-‘‘आपसे किसने कहा कि मेरे बहनोई सट्टा खेलते हैं।’
मैंने कहा-‘‘भईया ही कहते हैं कि आजकल यह खेल सट्टेबाज देखते हैं।’
तब तक किसी तनाव की आशंका को टालने के लिये वहां पधारे भाई साहब बोले-‘‘वह तो पहले कहता था। हां, अब फिर इस खेल में लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है। सभी लोग थोडे+ ही सट्टा लगाते है। अधिकतर लोग तो मजे के लिए ही देखते हैं।
भतीजी बोली-‘‘हां, चाचाजी आप ऐसे ही किसी के बारे में कुछ भी कह देते हो।’
मैं चुप रह गया। भाई साहब की साली से अधिक मैं उनके साढ़ू से परिचित था क्योंकि वह मुझसे बड़ा था पर बचपन में कई बार मैं उसके घर गया था। अब भी उससे मेरी मित्रता थी।

भतीजी के मौसी मौसा दोनों उठकर हाल से बाहर आये तो उसके मौसा से मैंने उससे हाथ मिलाया फिर बातचीत में पूछ ही लिया-‘मैच पर कोई दांव वगैरह लगाते हो कि नहीं।’
वह बोला-‘हम कहां ऐसे दांव खेलते हैं। हां, कभी कभार हजार पांच सौ की शर्त लगाते हैं।’
मैंने कहा-‘शर्त भी तो एक तरह का जुआ है।
भाई साहब की साली बोली-‘‘मना करती हूं पर मानते ही नहीं।’
मेरी भाभी, भतीजी और भतीजे का चेहरा फक हो रहा था। मैंने उससे कहा-‘‘हां, जब जीतते होंगे तब कुछ नहीं कहती होगी। जब हारते होंगे तब चिल्लाती होगी।’
भाभी ने अपने बहनोई से कहा-‘चलो आप सट्टा नहीं खेलते पर दोस्तों में भी शर्त लगाना ठीक नहीं है।’
वह बोला-‘‘कभी-कभी लगाता हूं। अब वह भी नहीं लगाऊंगा।’

मैं कंप्यूटर वाले कमरे में आ गया तो पीछे भतीजी और भतीजा भी आया। मैंने भतीजी से कहा-‘‘मैं कंप्यूटर पर कुछ लिखूं? अगर तुम्हारा कोई काम हो तो कर लो। एक बार मैंने लिखना शुरू किया तो फिर हाथ रखने नहीं दूंगा। इंटरनेट के आधे पैसे मैं भी भरता हूं।’
भतीजी ने पूछा-‘‘मगर लिखोगे क्या?
मैंने कहा-‘‘छिः भतीजी के मौसा-मौसी क्रिकेट मैच देखते हैं-यही लिखूंगा।

भतीजी कहने लगी-‘इससे क्या मैच ही तो देखते हैं।
मैंने कहा-‘हां, पर शर्त भी लगाते हैं जो होता तो जुआ ही है।’
भतीजी ने कहा-‘मैं मम्मी और पापा को बताती हूं कि आप ऐसा लिख रहे हो।’
मैंने कहा-‘मैं तुम्हारे लिये भी लिख दूंगा कि तुम भी देखती हो।’
वह बोली-‘मैं क्या करती? वह लोग टीवी देख रहे थे। मेहमान हैं! भला क्या मैं चैनल बदलती। कितना बुरा लगता उनको?’

भतीजा बोला-‘चाचा मेरे लिये कुछ मत लिखना। मैं तो सो गया था।’
भतीजी उससे लड़ती बोली-‘झूठे कहीं के। पूरा मैच देख रहा था और अब चाचा लिख रहे हैं तो अपने को बचा रहा है।’

दोनों आपस में ही उलझ गये और मैं लिखने बैठ गया। मैंने उनको यह बात नहीं बताई कि मैं स्वयं भी कल रात मैच देखने के बाद ही ट्रेन से घर के लिए रवाना हुआ था। वरना अभी तक मुझे अपने बारे में सफाई देनी पड़ती कि मैंने कभी क्रिकेट क्यासी भी विषय पर शर्त न लगाने का व्रत नहीं लिया हुआ है जिसे लेने के लिए मुझे अपने स्वर्गीय दादाजी ने प्रेरित किया था।

शनिवार, 23 फ़रवरी 2008

अन्तरिक्ष में मकड़जाल बनाया-हिन्दी हास्य शायरी

जमीन पर बरसाया बारूद

अब जंग को आसमान में भी पहुंचाया

नाभिकीय हथियारों से

अन्तरिक्ष को भी सजाया

आदमी नहीं मिलता तो

अपनी दानव मशीन को

अपने ही हथियार से उडाया

पहले दानव जैसी मशीने बनाते

फिर उनको दुश्मन बताते

और फिर दानव नाशक देवता बन जाते

जूठ को प्रमाणित सत्य बनाया

मगर सच भला कहाँ छिपता है

हजार पहरों से भी बाहर दिखता है

कौन जला रहा है धरती की प्राण वायु को

कौन घटा रहा है हरियाली की आयु को

बारूद से इंसानियत की रक्षा करने की

ख्वाहिश जताते हैं वह लोग

जिन्होंने अब अन्तरिक्ष में दानव बसाया

दाएं देखो या बाएँ

जो दानव हैं वही देवताओं का चोला पहने हैं

बंदूके और मिसाइलें उनके गहने हैं

चेहरे पर हैं कुटिल मुस्कान

दूसरे को घाव देने में समझते शान

ऐसे दुश्मन का पता देते हैं

जिस कोई नहीं पाता जान

कहाँ आयेंगे अब देवता इस धरती पर

अन्तरिक्ष से धरती पर इन दानवों ने

जासूसी का जाल बिछाया

दावा यह कि अपने इलाके को बचाया

इस आड़ में दानवों ने ही अपना राज बनाया

अपने घर भरने के लिए रक्षा की बात करते

रोटी का कोई हिसाब नहीं करते

क्योंकि इससे उनके महल नहीं सजते

देते हैं दुनिया को धोखा

डरे सहमें लोग क्या किसी की रक्षा करेंगे

उन्होने तो बस हवा में इन्द्रजाल बनाया

लोग न देख सकें जहाँ अन्तरिक्ष में

वहाँ अपना मकड़जाल बनाया

----------------------------

बुधवार, 20 फ़रवरी 2008

ब्लोगर बिकेगा कि ब्लोग -हास्य-व्यंग्य

(काल्पनिक हास्य-व्यंग्य रचना )

दोपहर घर पहुंचा तो भतीजा बोला-चाचाजी, अच्छा हुआ आप आ गए, आपको खबर देनी थी। सारे क्रिकेट खिलाड़ी बिक गए।''
''तो"।मैंने उसे घूरकर देखा और कहा-''मुझे इस खबर से क्या मतलब?''
भतीजा बोला-''मुझे तो पता नहीं अन्दर दीदी खबर सुन रही थी और उसने मुझसे कहा कि 'चाचा आयें तो उनकों यह खबर देनी है क्योंकि वह भी खिलाड़ी हैं' तो मैंने आपको यह खबर दे दी, आप हमेशा मुझ पर नाराज क्यों होते हो?''

वह खिसक गया और मैं जैसे ही अन्दर पहुंचा तो भतीजी सोफे से उठकर खडी हुई-''आओ चाचाजी, मैं आपका ही इन्तजार कर रही थी?''

मैंने कहा-''जब मैं अन्दर घुसता हूँ तो बस के ही डर लगता है कि कोई विषय लेकर तुम इन्तजार तो नहीं कर रही? क्योंकि उसके बाद मेरा भाई साहब और भाभी से झगडा जरूर होता है। अब तुम अपनी खबर खाना खाने के बाद देना। ''
''पर खबर तो तब तक बासी हो जायेगी या मैं भूल जाऊंगी। आप खाना खाते रहो मैं सुनाती रहूँ-''वह अपना हाथ ऐसे घुमा रही थी जैसे अंपायर चौके का संकेत देता है। सुबह अपनी गर्दन घड़ी की तरह घुमाने के व्यायाम और बाद में हाथ को चौके के संकेत देने की तरह हिलाने के दौरान वह जब बात करती है तो वह मजेदार होतीं है।

मैंने कहा-''क्रिकेट के खिलाड़ी बिक गए, यह मालुम है। तुम्हारा भईया बता रहा था।पर इससे मेरा क्या?''
''आप भी तो क्रिकेट खेलते थे।''वह बोली-''अब दुबारा खेलना शुरू करो।
मैंने कहा-''अब वह नहीं हो सकता। तुम्हारी मम्मी ने मेरा बल्ला कबाड़ में बेच दिया।''
पास बैठ कर टीवी देख रही भाभीजी बोली-''वह तो टूट गया था भईया। मैंने आपकी मम्मी से पूछकर बेचा था। आप नया बैट खरीद लो।''
भतीजी बोलली-''पहले बोली तो लग जाये फिर तो चाचा एक क्या दस बैट खरीद लें। पहले चाचा का सौदा तो हो जाये।''
तब तक भतीजा अन्दर आ गया और बोला-''छि:, कितनी खराब बात करती है। हमारे चाचा अगर बिक गए तो हमें पढाएगा कौन। हमारी वजह से मोहल्लों वाले से लड़ेगा कौन?''
अब तो भाभाजी की भी चिंता बढ़ गयी--''हाँ, पागल हो गयी है चाचा के बिकने की बात करती है। यह तेरा ढंग है बात करने का? वैसे भी मशहूर खिलाड़ी बिक रहे हैं, तुम्हारे चाचा को बहुत समय हो गया क्रिकेट छोडे।''

भाभीजी खाना लेने चली गयी तो मैंने भतीजी से कहा-''अब मैं ब्लोग पर लिखूंगा और तुम मुझे डिस्टर्ब मत करना।''
हाँ, चाचाजी''-वह एकदम उछलकर बोली-''यह आप इस पर लिखते हो। क्या नाम बताया ब्लोग। उस पर लिखने वालो को क्या कहते हैं। और क्या वह नहीं बिक सकता?''

मैंने भतीजी को घूरकर देखा तो वह झेंप गयी-''मेरा मतलब है। आपका लिखा भी तो बिक सकता है।''
मुझे हंसी आ गयी-''जिस पर लिखता हूँ वह ब्लोग है और मैं ब्लोगर हूँ। अभी इंटरनेट न होने से मैंने लिखा ही कहाँ था और अब तो नया हूँ। पर यह पता नहीं है कि ब्लोग बिक सकता है कि ब्लोगर।''
तब तक भाभी थाली में खाना लगाकर आ गयी तो भतीजी बोली-''मम्मी, चाचा तो ब्लोगर हैं।
भाभीजी ने गुस्से में पूछा-''तो?''
तब तक भतीजा बोला-'' दीदी कह रही हैं कि किसी भी तरह बिक जाओ ताकि स्कूल में अपने चाचा का रुत्वा दिखा सके। ''
भाभी बोली-''तुमने चाचा को लिखने का मौका कहाँ दिया। अब जब इनको विज्ञापन मिलेंगे तब कुछ मिलेगा। वैसे क्या अपने चाचा से मिलने वाला जेब खर्च तुम लोगों को कम पड़ रहा है जो इनको बिकवाने पर तुले हो।''

''मम्मी, आपको पता है विज्ञापनों से यह खिलाड़ी नहीं कमा रहे थे जो बिक रहे हैं-''भतीजी अब खुलकर ज्ञान बघारने लगी थी-''अब तो बिकने में ही फायदा है।''
भाभीजी हंसकर बोली--''भईया, अब तो ही झेलो। इनके पापा और तुमने दुनिया भर की बातें करते इन दोनों को अधिक बुद्धिमान बना दिया है।
वह चली गयी तो मैंने भतीजी से पूछा-''पहले तो यह बताओं कि बिकना क्या चाहिए ब्लोग या ब्लोगर?''

वह बोली--'इतनी अक्ल तो अभी मुझे पापा और आपने नहीं दी।''
मैंने भतीजे की तरह देखा तो वह झेंपकर बोला-''चाचा जी कुछ भी बिके। हमारे कंप्यूटर से ब्लोग चला जाये पर अप इस घर से मत जाना, वरना हम परेशान हो जायेंगे। ''
वह खिसक लिया तो मैंने खाना शुरू किया। भतीजी बोली-''वैसे चाचा जी बिकेगा क्या ब्लोग कि ब्लोगर'
मुझे मन ही मन बहुत हंसी आयी और मैंने कहा-''अब मुझे तसल्ली से भोजन करने दो। बिकने की चिंता में उसे बासी मत करो।''