बुधवार, 20 फ़रवरी 2008

ब्लोगर बिकेगा कि ब्लोग -हास्य-व्यंग्य

(काल्पनिक हास्य-व्यंग्य रचना )

दोपहर घर पहुंचा तो भतीजा बोला-चाचाजी, अच्छा हुआ आप आ गए, आपको खबर देनी थी। सारे क्रिकेट खिलाड़ी बिक गए।''
''तो"।मैंने उसे घूरकर देखा और कहा-''मुझे इस खबर से क्या मतलब?''
भतीजा बोला-''मुझे तो पता नहीं अन्दर दीदी खबर सुन रही थी और उसने मुझसे कहा कि 'चाचा आयें तो उनकों यह खबर देनी है क्योंकि वह भी खिलाड़ी हैं' तो मैंने आपको यह खबर दे दी, आप हमेशा मुझ पर नाराज क्यों होते हो?''

वह खिसक गया और मैं जैसे ही अन्दर पहुंचा तो भतीजी सोफे से उठकर खडी हुई-''आओ चाचाजी, मैं आपका ही इन्तजार कर रही थी?''

मैंने कहा-''जब मैं अन्दर घुसता हूँ तो बस के ही डर लगता है कि कोई विषय लेकर तुम इन्तजार तो नहीं कर रही? क्योंकि उसके बाद मेरा भाई साहब और भाभी से झगडा जरूर होता है। अब तुम अपनी खबर खाना खाने के बाद देना। ''
''पर खबर तो तब तक बासी हो जायेगी या मैं भूल जाऊंगी। आप खाना खाते रहो मैं सुनाती रहूँ-''वह अपना हाथ ऐसे घुमा रही थी जैसे अंपायर चौके का संकेत देता है। सुबह अपनी गर्दन घड़ी की तरह घुमाने के व्यायाम और बाद में हाथ को चौके के संकेत देने की तरह हिलाने के दौरान वह जब बात करती है तो वह मजेदार होतीं है।

मैंने कहा-''क्रिकेट के खिलाड़ी बिक गए, यह मालुम है। तुम्हारा भईया बता रहा था।पर इससे मेरा क्या?''
''आप भी तो क्रिकेट खेलते थे।''वह बोली-''अब दुबारा खेलना शुरू करो।
मैंने कहा-''अब वह नहीं हो सकता। तुम्हारी मम्मी ने मेरा बल्ला कबाड़ में बेच दिया।''
पास बैठ कर टीवी देख रही भाभीजी बोली-''वह तो टूट गया था भईया। मैंने आपकी मम्मी से पूछकर बेचा था। आप नया बैट खरीद लो।''
भतीजी बोलली-''पहले बोली तो लग जाये फिर तो चाचा एक क्या दस बैट खरीद लें। पहले चाचा का सौदा तो हो जाये।''
तब तक भतीजा अन्दर आ गया और बोला-''छि:, कितनी खराब बात करती है। हमारे चाचा अगर बिक गए तो हमें पढाएगा कौन। हमारी वजह से मोहल्लों वाले से लड़ेगा कौन?''
अब तो भाभाजी की भी चिंता बढ़ गयी--''हाँ, पागल हो गयी है चाचा के बिकने की बात करती है। यह तेरा ढंग है बात करने का? वैसे भी मशहूर खिलाड़ी बिक रहे हैं, तुम्हारे चाचा को बहुत समय हो गया क्रिकेट छोडे।''

भाभीजी खाना लेने चली गयी तो मैंने भतीजी से कहा-''अब मैं ब्लोग पर लिखूंगा और तुम मुझे डिस्टर्ब मत करना।''
हाँ, चाचाजी''-वह एकदम उछलकर बोली-''यह आप इस पर लिखते हो। क्या नाम बताया ब्लोग। उस पर लिखने वालो को क्या कहते हैं। और क्या वह नहीं बिक सकता?''

मैंने भतीजी को घूरकर देखा तो वह झेंप गयी-''मेरा मतलब है। आपका लिखा भी तो बिक सकता है।''
मुझे हंसी आ गयी-''जिस पर लिखता हूँ वह ब्लोग है और मैं ब्लोगर हूँ। अभी इंटरनेट न होने से मैंने लिखा ही कहाँ था और अब तो नया हूँ। पर यह पता नहीं है कि ब्लोग बिक सकता है कि ब्लोगर।''
तब तक भाभी थाली में खाना लगाकर आ गयी तो भतीजी बोली-''मम्मी, चाचा तो ब्लोगर हैं।
भाभीजी ने गुस्से में पूछा-''तो?''
तब तक भतीजा बोला-'' दीदी कह रही हैं कि किसी भी तरह बिक जाओ ताकि स्कूल में अपने चाचा का रुत्वा दिखा सके। ''
भाभी बोली-''तुमने चाचा को लिखने का मौका कहाँ दिया। अब जब इनको विज्ञापन मिलेंगे तब कुछ मिलेगा। वैसे क्या अपने चाचा से मिलने वाला जेब खर्च तुम लोगों को कम पड़ रहा है जो इनको बिकवाने पर तुले हो।''

''मम्मी, आपको पता है विज्ञापनों से यह खिलाड़ी नहीं कमा रहे थे जो बिक रहे हैं-''भतीजी अब खुलकर ज्ञान बघारने लगी थी-''अब तो बिकने में ही फायदा है।''
भाभीजी हंसकर बोली--''भईया, अब तो ही झेलो। इनके पापा और तुमने दुनिया भर की बातें करते इन दोनों को अधिक बुद्धिमान बना दिया है।
वह चली गयी तो मैंने भतीजी से पूछा-''पहले तो यह बताओं कि बिकना क्या चाहिए ब्लोग या ब्लोगर?''

वह बोली--'इतनी अक्ल तो अभी मुझे पापा और आपने नहीं दी।''
मैंने भतीजे की तरह देखा तो वह झेंपकर बोला-''चाचा जी कुछ भी बिके। हमारे कंप्यूटर से ब्लोग चला जाये पर अप इस घर से मत जाना, वरना हम परेशान हो जायेंगे। ''
वह खिसक लिया तो मैंने खाना शुरू किया। भतीजी बोली-''वैसे चाचा जी बिकेगा क्या ब्लोग कि ब्लोगर'
मुझे मन ही मन बहुत हंसी आयी और मैंने कहा-''अब मुझे तसल्ली से भोजन करने दो। बिकने की चिंता में उसे बासी मत करो।''

खेल हो जायेगा काम-हास्य शायरी

बिक गए खिलाड़ी सरेआम
अब कौन कर सकता है उनको बदनाम
पहले खेले तो पैसा और नाम कमाया
फिर पैसे ने ही खेल खिलाया
और अब तो खिलाड़ी क्या खेलेंगे
क्या लोग देखेंगे
पैसा ही खेलेगा और देखेगा
खिलाड़ी और दर्शक तो होंगे शोपीस
जिसके पास होगा जितना पैसा उतना नाम
क्रिकेट खेल नहीं, हो गया धंधा और काम
क्रिकेट के बैट और बल्ले कम बिकेंगे
खेलने से पहले नन्हें खिलाड़ी
नीलामी में बिकने के लिए सजे दिखेंगे
बल्ला और बाल बाद में थामेंगे
पहले अपने हाथ बढाकर दाम मांगेगे
फिर खेल के लिए नहीं
बल्कि घर से निकलेंगे करने काम
------------------------------------------

मंगलवार, 19 फ़रवरी 2008

टिके हैं वही जमीन पर-हिन्दी शायरी

जिन्होंने किया लोगों पर राज
पहने सिर पर हीरे से जड़े ताज
अपनी करनी पर किया नाज
गिरे हैं वही जमीन पर

बैठे जो दौलत के ढेर पर
सवारी करते क्रूरता के शेर पर
पहरा देते लोगों के छीने हकों को घेर कर
वक्त का पहिया जब घूमा है जब
गिरे हैं वही जमीन पर

जो चले हैं सत्य के सहारे
अपनी जिन्दगी के लिए
जो कहीं मदद के वास्ते नहीं निहारे
दृष्टा बनकर सब देखते हैं
अपने सुख-दुख सारे
जीते हैं आजाद होकर पूरी जिन्दगी
टिके हैं वही जमीन पर
------------------------

अकेले ही नजर आये- हिन्दी शायरी

चाहा तो बहुत हमने कि
दोस्तों से बात बन जाये
पर उनकी शर्तों पर खरे नहीं उतर पाए

दिल से बहुत चाहते
पर धन की तराजू पर
कभी नहीं तुल पाते
रूह में है प्यार उनके लिए
पर शब्दों में नहीं घोल पाते
क्योंकि दिल से होते वह सीधे
जुबान पर आते
पर उन्हें पसंद है केवल
अपनी तारीफें सुनना
जो इज्जत दिल से होती है
उसे वह जमीन पर दौड़ते देखना चाहते
कोई लाख कोशिश कर ले हम
दिखावे की राह नहीं चल पाते
इसलिए दोस्तों की भीड़ में भी
हमेशा अकेले ही नजर आये
-----------------------

अहसास-शायरी और क्षणिकाएँ

अपने मुहँ से बताते हैं पहचान
नहीं पाते अपने को भी जान
अपने सिर उठाये हैं आदमी
ऐसे शब्दों का बोझ
जिनका अर्थ उसका मन नही रहा मान
लिखा हुआ पढा और लिया रट
बोलने पर सुना देता फट
पर रहता है शब्दार्थ के रहस्य से अनजान
-------------------------------------

कुछ अंग्रेजी कुछ हिन्दी शब्दों की खिचडी
पकाकर वह लोगों को सुना रहे
अक्ल से पैदल हैं
किसी तरह पब्लिक से छिपा रहे
हिन्दी फिल्मों में काम करने वाले लोग
अपने को स्पेशल बता रहे
अपने घर में होता विद्वान भी बैल
इसलिए वह बाहरी होने का
अहसास दिला रहे

-------------------

सोमवार, 18 फ़रवरी 2008

मर्जी से प्यार मिलता नहीं-शायरी

जो चाह वह मिलता नहीं
मिल गया तो भी दिल बहलता नहीं
ख्वाब कुछ और होते है
हकीकतें वैसीं कभी होती नहीं
सपनों में जीने की आदत है जिनको
जिन्दगी उनकी होती सरल नहीं
जब तक प्यार पाने के लिए भटकता है आदमी
उसे मिल नहीं पाता
क्योंकि प्यार करना कोई यहाँ सीखा नहीं
ए जमाने वालों
वह फल तुम कैसे पाओगे
जिसका पेड़ तुमने लगाया नहीं
खुदगर्जी के लिए प्यार ढूँढने वालों
मर्जी से प्यार मिलता नहीं
----------------------
मस्तराम 'आवारा'

रविवार, 17 फ़रवरी 2008

चले थे साथ-साथ-शायरी

यूं तो निकले थे घर से
उनको प्यार का पैगाम के लिए
पर उनके घर पर जो मंजर देखा जंग का
निकल आये वापस उल्टे पाँव लिए
-----------------------------------------
एक ही नाव पर सवार
चले नदी के उस पार
रास्ते भर वादे किये साथ साथ
जीवन भर गुजारने के लिए
जो आया किनारा
अपनी रास्ते चले दिए
-----------------------------------

यूं तो होते हैं हर रोज हादसे
वह इसलिए नजर आते
क्योंकि हम उनसे बचकर घर आ जाते
पर जब कोई हो जायेगा हमारे साथ
उठा ले जायेगा अपने हाथ
फिर नहीं दिखाई देंगे अपनी जिन्दगी में हादसे
---------------------------------------